संभाजीनगर कांग्रेस (दिव्यांग विभाग) ने राज्य परिवहन विभाग को सौंपा ज्ञापन

"
जलगांव (अकील खान ब्यावली): 

संभाजीनगर कांग्रेस के दिव्यांग सेल ने दिव्यांगजनों के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) का पंजीकरण राज्यभर में तत्काल प्रारंभ करने तथा महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) की सेवाओं का उपयोग करने वाले दिव्यांग यात्रियों को विभिन्न प्रकार की हो रही परेशानियों का समाधान कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस दिव्यांग सेल की ओर से राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक तथा विभाग के नियंत्रक प्रमोद निधल को एक विस्तृत लिखित ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर कांग्रेस दिव्यांग सेल के शहराध्यक्ष मिर्ज़ा ज़की बेग, जि़लाध्यक्ष अब्दुल मुदस्सिर अंसारी तथा शेख शाहरुख उपस्थित थे। ज्ञापन में कहा गया है कि दिव्यांगजनों को संविधान प्रदत्त अधिकारों एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसलिए राज्य स्तर पर एनसीएमसी कार्ड का पंजीकरण शीघ्र प्रारंभ किया जाए। साथ ही सभी प्रमुख एसटी बस स्टैंडों पर दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा, बैठने हेतु आरक्षित स्थान तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कांग्रेस दिव्यांग सेल ने यह भी मांग की कि एसटी बस सेवाओं में दिव्यांग यात्रियों को सम्मानजनक, सुगम, सुरक्षित एवं भेदभावरहित यात्रा की समुचित सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

Comments